बिजौलिया में धन्वंतरि जयंती पर आयुर्वेद औषधालय में चिकित्सा शिविर, 50 मरीजों की जांच

बिजौलिया। भगवान धन्वंतरि जयंती के अवसर पर राजकीय आयुर्वेद औषधालय आँट में शुक्रवार को विधिवत पूजन-अर्चन के साथ निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के पूजन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। सरपंच ओमा देवी, उपसरपंच मोती भंवर सिंह एवं सरपंच पति नंदलाल गुर्जर ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की।
शिविर में करीब 50 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार दिया गया। इस दौरान मधुमेह, उच्च एवं निम्न रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, टाइफाइड तथा विभिन्न वात रोगों से संबंधित मरीजों की जांच की गई। साथ ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य संरक्षण और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक नोडल प्रभारी एवं विश्व आयुर्वेद परिषद के प्रदेश सहसंयोजक डॉ. संजय नागर ने कहा कि भगवान धन्वंतरि की जयंती भारतीय चिकित्सा विज्ञान की समृद्ध परंपरा का स्मरण कराती है। आयुर्वेद का उद्देश्य स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा करना और रोगी को रोगमुक्त करना है। उन्होंने कहा कि अनियमित दिनचर्या और बदलती जीवनशैली के कारण बीमारियां बढ़ रही हैं। ऐसे में संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है।
कार्यक्रम में पूर्व सरपंच पंकज गाँग, प्रभुलाल धाकड़, एडवोकेट रतन सिंह, नंदकिशोर शर्मा, देवलाल गुर्जर, गोरधन लाल, ओमप्रकाश, सचिव विनय कराड, सहायक सचिव भवानीलाल प्रजापत एवं कंपाउंडर गोपाली कुमारी धाकड़ सहित गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।
धन्वंतरि जयंती पर आयोजित शिविर धार्मिक आस्था के साथ जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दे गया।



