विजय सागर तालाब के पास छोटे खेल मैदान में लगेंगी पटाखा दुकानें, व्यापारियों ने किया स्थल निरीक्षण

बिजौलिया में दीपावली को लेकर तैयारियां तेज, इस बार करीब 51 पटाखा कारोबारियों के लाइसेंस की प्रक्रिया जारी; पिछले साल 25 से 30 लाइसेंस हुए थे जारी
बिजौलिया। दीपावली के त्योहार को लेकर नगर में पटाखा दुकानों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रशासन की ओर से पटाखा दुकानों के लिए विजय सागर तालाब के नजदीक स्थित छोटे खेल मैदान को चिह्नित किया गया है। इसके बाद पटाखा व्यापारियों ने मैदान पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और अपनी-अपनी दुकानों के लिए जगह देखी। त्योहार नजदीक आने के साथ ही पटाखा कारोबारियों में दुकानों और लाइसेंस को लेकर हलचल तेज हो गई है।
इस बार पटाखा कारोबारियों के लाइसेंस की संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले लगभग दोगुनी होने की जानकारी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, करीब 51 पटाखा व्यवसायियों के लाइसेंस की प्रक्रिया फिलहाल प्रक्रियाधीन है, जबकि पिछले वर्ष लगभग 25 से 30 लाइसेंस जारी किए गए थे। ऐसे में इस बार पटाखा बिक्री के लिए अस्थायी दुकानें लगाने की तैयारी कर रहे कारोबारियों की संख्या बढ़ी है।

10 दिन तक कर सकेंगे पटाखों की बिक्री
दीपावली के अवसर पर अस्थायी पटाखा दुकानदारों को बिक्री के लिए 10 दिन की अवधि का लाइसेंस दिया जाएगा। लाइसेंस प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित स्थल पर दुकानें लगाने और पटाखों की बिक्री की व्यवस्था की जाएगी। व्यापारी अभी से मैदान में अपनी जगह देखने और दुकान लगाने की तैयारियों में जुट गए हैं।
पहली बार उपखंड कार्यालय स्तर पर शुरू हुई प्रक्रिया
इस बार बिजौलिया में पटाखा लाइसेंस की प्रक्रिया पहली बार उपखंड कार्यालय स्तर पर शुरू हुई है। दीपावली के मद्देनजर प्रशासन की ओर से छोटे खेल मैदान को दुकानों के लिए चिह्नित किए जाने के बाद अब व्यापारियों को लाइसेंस जारी होने का इंतजार है। आने वाले दिनों में लाइसेंस प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही पटाखा बाजार की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।



