BHILWARA

अशोक जाट पर हुए जानलेवा हमले को लेकर ग्रामीणों का कलेक्ट्रेट पर उग्र प्रदर्शन, दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग



*ब्यूरो चीफ पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा // पुर थाना क्षेत्र में एनएच-48 स्थित होटल सरपंच के संचालक एवं उसके साथियों द्वारा काणोली निवासी अशोक जाट पर कथित जानलेवा हमले के मामले में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। जाट महासभा अध्यक्ष सत्यनारायण गूगड़ और भाजपा जिला मंत्री राजेंद्र जाट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 1 जून को होटल सरपंच के संचालक ओमप्रकाश जाट, राकेश तथा 7-8 अन्य लोगों ने अशोक जाट पुत्र भंवरलाल जाट के साथ बेरहमी से मारपीट कर जान से मारने का प्रयास किया। घटना की सूचना तत्काल पुर थाना पुलिस को दी गई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अब तक पीड़ित का मेडिकल ज्यूरिस्ट से मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया गया है, जिससे पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे तथा आमजन का कानून व्यवस्था से विश्वास उठ जाएगा।

ज्ञापन के माध्यम से जिला कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच करवाने, सभी नामजद आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने, पीड़ित का मेडिकल परीक्षण करवाने तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इस दौरान पूर्व जिला परिषद सदस्य भंवरलाल गाडरी, प्रशासक प्रतिनिधि लक्ष्मण खारोल, गोपाल जाट, किशन जाट, मधु, पूषालाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो ग्रामीणों को व्यापक जनआंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Related Articles

Back to top button