*ब्यूरो चीफ पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा (करेड़ा) /// समाज के पंचों द्वारा हुक्का-पानी बंद करने, सामाजिक बहिष्कार करने और आर्थिक दंड के रूप में मोटी रकम वसूलने व पुनः समाज में लेने के नाम पर और रुपयों की मांग करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इसे लेकर शिव उर्फ सुवालाल पुत्र रूपा जी अजमेरा, निवासी शिवपुरा का खेड़ा, तहसील करेड़ा ने भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक को परिवाद सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ करेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
एसपी को सौंपे गए परिवाद के अनुसार, प्रार्थी शिव उर्फ सुवालाल ने बताया कि दिनांक 19 सितंबर 2024 को क्षत्रिय कुमावत समाज कमेटी, चौखला बागोलिया द्वारा उन्हें एक सूचना नोटिस भेजकर उपस्थित होने के लिए कहा गया था। जब प्रार्थी अपने परिवार सहित वहां पहुंचा, तो वहां प्रार्थी की पुत्री के ससुराल पक्ष के लोग, समाज के पंच और अन्य अभियुक्तगण उपस्थित थे। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने प्रार्थी से कहा कि उसकी लड़की की शादी अंबा लाल कुमावत के साथ हुई है, जिसका फैसला किया जाए। इस पर प्रार्थी ने कहा कि उसकी पुत्री के एक लड़की उम्र मात्र 4 वर्ष है, ऐसे में उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? प्रार्थी का आरोप है कि इस बात पर अभियुक्तगणों ने धमकी दी कि यदि उसने फैसला नहीं किया, तो उसका समाज से हुक्का-पानी बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद समाज में रहने की एवज में प्रार्थी पर 1,50,000 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया, जिसे प्रार्थी से वसूल भी लिया गया और कहा गया कि अब वह समाज में आ सकता है।
परिवाद में आगे बताया गया कि कुछ दिन पूर्व गांव गोपालपुरा में मदन लाल कुमावत के यहां एक सामाजिक कार्यक्रम आयोजित हुआ था। वहां प्रार्थी को फिर से अभियुक्तगण मिले और कहा कि ‘तू अगर तेरी बच्ची का फैसला नहीं करता है, तो तेरे को समाज से बाहर कर रहे हैं।’ इस पर प्रार्थी ने पूर्व में दिए गए 1,50,000 रुपये का हवाला दिया, तो आरोपियों ने कहा कि ‘वे पैसे तो हम खा गए, आज से ही तू जाति समाज से बाहर है।’ आरोपियों ने प्रार्थी को डराते-धमकाते हुए कहा कि यदि उसे वापस समाज में आना है, तो 2,50,000 रुपये और जमा कराने होंगे। प्रार्थी का आरोप है कि इस सामाजिक कार्यक्रम में उसके परिवार को खाना तक नहीं खाने दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम और सामाजिक बहिष्कार के कारण प्रार्थी और उसका परिवार गंभीर मानसिक प्रताड़ना झेल रहा है। प्रार्थी ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर कर रहे हैं। पीड़ित पिता ने एसपी से सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
