BHILWARA

अवैध बजरी से भरे दो ट्रैक्टर डिटेन,एक चालक मौके से फरार




गजानंद जोशी जहाजपुर,पडेर जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के दौरान पडेर पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरे दो ट्रैक्टरों को डिटेन किया। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को थाना परिसर में खड़ा करवाया है। थानाधिकारी शिम्भु दयाल मीणा ने बताया अवैध बजरी की रोकथाम को लेकर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार रात्रि गश्त की जा रही है। इसी दौरान जागोलाई रोड पर पुलिस टीम को बजरी से भरे दो ट्रैक्टर नजर आए। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को रुकवाकर जांच की तो उनमें बजरी भरी हुई मिली। इस पर पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को डिटेन कर थाना परिसर में खड़ा करवाया। कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर का चालक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे ट्रैक्टर चालक को पुलिस टीम थाने लेकर पहुंची। पुलिस द्वारा दोनों वाहनों के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। थानाधिकारी ने बताया कि डिटेन किए गए दोनों ट्रैक्टरों के संबंध में खनिज विभाग भीलवाड़ा को अवगत कराया गया है। अब खनिज विभाग द्वारा नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की कार्रवाई के बाद अवैध बजरी परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने क्षेत्र में अवैध बजरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button