BHILWARA

सरकारी जमीन से हटाया अतिक्रमण, तहसीलदार की मौजूदगी में चला प्रशासन का बुलडोजर


शक्करगढ़ पंचायत की लगातार मांग के बाद पुलिस जाब्ते के साथ हुई कार्रवाई
शक्करगढ़। ग्राम पंचायत शक्करगढ़ में लंबे समय से विवादों में चल रहे सरकारी भूमि अतिक्रमण मामले में आखिरकार बुधवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कब्जा हटवा दिया। तहसीलदार रवि कुमार मीना की मौजूदगी में राजस्व विभाग, पंचायत प्रशासन और पुलिस जाब्ते की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी जमीन पर बने पक्के चबूतरे को हटाया।
जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर पहले गरीबों के लिए अन्नपूर्णा रसोई (पूर्व इंदिरा रसोई) संचालित होती थी, उसी जमीन पर बाद में चबूतरा बनाकर कब्जा कर लिया गया था। ग्राम पंचायत ने इस अतिक्रमण को हटाने के लिए तीन बार प्रशासन से पुलिस जाब्ते की मांग की थी। लगातार मांग और मामले के सुर्खियों में आने के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आया और कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान सहायक विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, राजस्व टीम और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए स्पष्ट किया कि सार्वजनिक संपत्ति पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि यह मामला पहले भी चर्चा में रहा था, क्योंकि इसी स्थान से पूर्व में इंदिरा रसोई को हटाया गया था। इसके बाद उसी जमीन पर निजी कब्जा होने से पंचायत और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। अब प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

Related Articles

Back to top button