BHILWARA

समेलिया में ढाई साल से कीचड़ और गंदगी से त्रस्त ग्रामीण, विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप।


शाहपुरा@(किशन वैष्णव)ग्राम पंचायत बिलिया से अलग होकर हाल ही में गठित हुई ग्राम पंचायत समेलिया में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। समेलिया ग्राम के भूना बा के मोहल्ले में करीब ढाई वर्षों से रास्ते भर कीचड़ और गंदगी जमा है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्थानीय ग्रामीण हंसराज गुर्जर ने बताया कि लगातार कीचड़ और गंदगी के कारण मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और मोहल्ले में बीमारियों का खतरा बना हुआ है।ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर सरपंच और ग्राम सचिव को अनेक बार अवगत कराया गया, लेकिन करीब ढाई साल बीत जाने के बावजूद किसी ने सुध नहीं ली। ग्रामीणों ने विकास कार्यों में भेदभाव का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पंचायत द्वारा अन्य मोहल्लों में पक्की सड़कों का निर्माण करा दिया गया,

जबकि भूना बा के मोहल्ले में आज तक सड़क नहीं बनाई गई।इस संबंध में जब ग्राम विकास अधिकारी भैरू लाल लक्ष्कार से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने अपना बचाव करते हुए बताया कि पूर्व में जब पुरानी सड़क का निर्माण किया गया था, उस समय नालियों का निर्माण नहीं हुआ। इसी कारण बरसात व पानी की निकासी नहीं होने से सड़क पर पानी भर जाता है और कीचड़ की स्थिति बन जाती है।प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। मौके पर हंसराज गुर्जर, देवराज गुर्जर, अमरचंद जाट, परमेश्वर गुर्जर, नारायण जाट, पर्वत सिंह और रामदेव गुर्जर सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सफाई, जल निकासी और सड़क निर्माण का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्या से निजात मिल सके।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!