BHILWARA

बिजौलिया में भगवा उत्साह की गूंज, विशाल हिंदू सम्मेलन से पहले निकली ऐतिहासिक दुपहिया रैली , सैकड़ो वाहन हुए शामिल


बिजौलिया।
नगर में रविवार को आयोजित होने वाले विशाल हिंदू सम्मेलन से पूर्व शनिवार शाम  बिजौलिया की सड़कों पर आस्था, एकता और उत्साह का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला, जब सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में एक भव्य दुपहिया वाहन रैली निकाली गई।

भगवा ध्वजों से सजे वाहनों, गगनभेदी जयघोषों और जनसैलाब के साथ निकली इस रैली ने पूरे नगर को धर्ममय वातावरण से सराबोर कर दिया।


रैली का शुभारंभ थानेश्वर महादेव मंदिर से भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ। सैकड़ों युवाओं, महिलाओं और श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई आगे बढ़ी। सब्जी मंडी, केसरगंज, फूटा कोट, चारभूजा मंदिर, रावला चौक, पंचायत चौक, चारण माता मंदिर , खटिक मोहल्ला , बूंदी रोड और बालाजी चौराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरती हुई रैली पुनः थानेश्वर महादेव मंदिर स्थित सभा स्थल पर संपन्न हुई।



रैली में बिजौलिया नगर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रैली में सैकड़ो दुपहिया वाहन शमील हुए । अग्रिम पंक्तियों में केसरिया पगड़ी धारण किए बालिकाओं और महिलाओं की सशक्त उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही, वहीं युवाओं में जबरदस्त जोश, अनुशासन और उत्साह देखने को मिला।



पूरे मार्ग में भगवा ध्वज लहराते युवाओं ने भारत माता की जय, हिंदू एकता जिंदाबाद जैसे नारों से नगर को गुंजायमान कर दिया। रैली के स्वागत में कई स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। नारों की गूंज और जनभागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि विशाल हिंदू सम्मेलन को लेकर नगर और क्षेत्र में भारी उत्साह है।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!