BHILWARA

जयपुर में महिला की हत्या से सनसनी-डेयरी बूथ में अर्धनग्न हालत में मिला शव, चेहरे पर चोट के निशान, रेप की आशंका


जयपुर।
राजधानी जयपुर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। विद्याधर नगर क्षेत्र स्थित एक खाली डेयरी बूथ में महिला का शव अर्धनग्न हालत में मिला, जिसके चेहरे और शरीर पर चोट व रगड़ के निशान पाए गए। प्रथम दृष्टया मामला हत्या और रेप से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वॉड टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि दो-तीन संदिग्धों को राउंडअप कर पूछताछ की जा रही है।

सिक्योरिटी गार्ड ने देखी लाश, पुलिस को दी सूचना

जानकारी के अनुसार, घटना विद्याधर नगर सेक्टर-8 स्थित 15 नंबर बस स्टैंड के पास की है। शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे, इलाके के एक सिक्योरिटी गार्ड ने डेयरी बूथ का दरवाजा खुला देखा। शक होने पर जब उसने अंदर झांका तो महिला अर्धनग्न हालत में बेसुध पड़ी थी। उसके होंठ और माथे से खून बह रहा था। गार्ड ने तुरंत विद्याधर नगर थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।



हत्या की पुष्टि, रेप की आशंका बरकरार

पुलिस ने मौके से प्रारंभिक जांच में पाया कि महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त थे और उसके शरीर पर कई जगह चोट और रगड़ के निशान मौजूद थे। इससे साफ है कि महिला की हत्या की गई है। हालांकि, रेप की संभावना को पुलिस ने नकारा नहीं है। डीसीपी (नॉर्थ) करन शर्मा ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

खानाबदोश महिला थी मृतका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका की उम्र लगभग 30 वर्ष थी और वह पिछले कुछ दिनों से खानाबदोश अवस्था में इलाके में रह रही थी। वह अक्सर फुटपाथ या सड़क किनारे रात बिताती थी। पुलिस ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि उसकी पहचान और संभावित संदिग्धों का सुराग मिल सके।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस ने शव को कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और एफएसएल टीम ने बूथ से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल दो से तीन नशेड़ी युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या और संभावित दुष्कर्म की पुष्टि हो पाएगी।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!