*ब्यूरो चीफ पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा // बड़लियास निवासी और वर्तमान में तिलक नगर में रह रहे युवक रवि लोट की हुई निर्मम हत्या को लेकर वाल्मीकि समाज के लोगों ने जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान समाज के लोग मृतक का प्रतीकात्मक पुतला लेकर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। बाद में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और सांसद को ज्ञापन सौंपा।

वाल्मीकि महापंचायत सम्पूर्ण भारत के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र नकवाल ने बताया कि 2 अप्रैल 2026 की रात सोनी हॉस्पिटल के पास रवि लोट की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता का मौखिक आश्वासन दिया गया था, जिसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार किया था।
ज्ञापन में मांग की गई कि मृतक के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए तथा एक्सिस बैंक से लिया गया गृह ऋण माफ किया जाए। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई करने और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषियों को मृत्युदंड दिलाने की मांग भी उठाई गई।
समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो पूरे राजस्थान में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
