BHILWARA

भीलवाड़ा फोकस इम्पैक्ट , धूल-मिट्टी से मिली राहत, नेशनल हाईवे टीम ने मौके पर शुरू कराया डामरीकरण कार्य



बिजौलिया। नेशनल हाईवे-27 पर ओवरब्रिज निर्माण की धीमी रफ्तार, उड़ती धूल और अव्यवस्थाओं को लेकर भीलवाड़ा फोकस द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन और नेशनल हाईवे विभाग हरकत में आ गया है। मंगलवार को मौके पर इसका बड़ा असर देखने को मिला, जहां हाईवे विभाग की टीम मशीनों के साथ पहुंची और ओवरब्रिज के आसपास डामरीकरण कार्य शुरू करवाया गया।

लंबे समय से निर्माण स्थल पर उड़ रही धूल और मिट्टी से परेशान दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों को मंगलवार को काफी राहत मिली। मौके पर मशीन लगाकर सड़क पर डामरीकरण शुरू किया गया, जिससे धूल उड़ना कम हुआ और लोगों ने राहत महसूस की। वहीं ओवरब्रिज निर्माण कार्य में भी पहले की तुलना में तेजी दिखाई दी।

गौरतलब है कि क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार धाकड़ ने निर्माण कार्य में हो रही देरी, धूल प्रदूषण और अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और निर्माण एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। उन्होंने बताया था कि पिछले करीब तीन वर्षों से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे आमजन को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माण स्थल पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने से दुकानों और घरों तक धूल पहुंच रही थी। लगातार उड़ती मिट्टी के कारण व्यापार प्रभावित होने के साथ लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा था। खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग की सक्रियता से लोगों में राहत और संतोष देखने को मिला।

क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि अब निर्माण कार्य में लगातार तेजी लाई जाएगी और जल्द ही ओवरब्रिज का निर्माण पूरा कर आमजन को जाम, धूल और अव्यवस्थाओं से स्थायी राहत दिलाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button