*भाजपा मात्र एक राजनैतिक पार्टी नहीं अपितु राष्ट्रवाद का वैचारिक आंदोलन है – सांसद अग्रवाल*
*भाजपा ने कभी सत्ता के लिए सिद्धांतों से समझौता नहीं किया – बगड़ी*
*देश में अरबन नक्सलवाद बड़ी चुनौती, पीएम मोदी के नेतृत्व में करेंगे मुकाबला – गौतम*
जहाजपुर 23 मई। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत भाजपा भीलवाड़ा जिला संगठन द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ जहाजपुर (यज्ञपुर) के स्वस्तिधाम मांगलिक भवन में हुआ।

जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि एवं वक्ता सांसद दामोदर अग्रवाल रहे और भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी का सान्निध्य प्राप्त हुआ। अध्यक्षता वरिष्ठ नेता पेंटर सूरज ने की। मंच पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, वर्ग प्रभारी पुखराज पहाड़िया, वर्ग प्रमुख सुभाष बहेडिया, जिला संगठन प्रभारी संजय जैन, सह प्रभारी मिट्ठू लाल जाट, विधायक गोपीचंद मीणा, लालाराम बेरवा, उदयलाल भडाणा, जब्बर सिंह सांखला, गोपाल खंडेलवाल, लादुलाल पीतलिया, पूर्व जिला प्रमुख बरजीदेवी भील, पूर्व महापौर राकेश पाठक, वर्ग संयोजक अविनाश जीनगर मौजूद रहे।

इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा मात्र एक राजनैतिक पार्टी नहीं अपितु राष्ट्रवाद का वैचारिक आंदोलन है, राष्ट्र प्रथम’ की भावना से प्रेरित एक विचार है। उन्होंने कहा कि हमारी वैचारिक यात्रा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की नींव पर टिकी है, जो भारत को एक भौगोलिक इकाई मात्र न मानकर एक सजीव ‘राष्ट्र पुरुष’ मानती है। सांसद अग्रवाल ने बताया कि एकात्म मानववाद पूंजीवाद और समाजवाद के दोषों से मुक्त एक संतुलित जीवन दर्शन है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय का अर्थ केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति को गरिमापूर्ण जीवन देना है।
प्रारंभ में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रशिक्षण शिविर की विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। वर्ग प्रभारी पुखराज पहाड़िया ने शिविर के विभिन्न सत्रों और संचालन प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उद्घाटन सत्र की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम के संगान के साथ हुई।
*जनसंघ से भाजपा तक का स्वर्णिम सफर – संघर्ष और समर्पण की गाथा का हुआ चित्रण*
प्रशिक्षण के दूसरे सत्र में मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री श्रवणसिंह बगड़ी ने भारतीय जनता पार्टी के गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के उन बलिदानों को याद किया, जिनके कारण आज संगठन इस शिखर पर है। उन्होंने बताया कि 1951 में जनसंघ की स्थापना से लेकर 1980 में भाजपा के उदय तक कार्यकर्ताओं ने विचारधारा के लिए लगातार संघर्ष किया। उन्होंने आपातकाल के काले दौर में लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल जाने वाले कार्यकर्ताओं के संघर्ष को प्रेरणास्रोत बताया और कहा कि भाजपा ने कभी भी सत्ता के लिए अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
*देश में अरबन नक्सलवाद बड़ी चुनौती*
शिविर के तृतीय’ सत्र में मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री डॉ मिथिलेश गौतम ने देश के सम्मुख चुनौतियां एवं निदान सत्र में वर्तमान राष्ट्रीय सुरक्षा और आंतरिक स्थिरता पर मंडराते खतरों पर चर्चा की और कहा कि आज देश में अरबन नक्सलवाद बड़ी चुनौती है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण को साझा करते हुए बताया कि कैसे देश विरोधी ताकतें भारत की प्रगति को रोकने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने सीमा पार से होने वाले आतंकवाद, घुसपैठ जैसी चुनौतियों का विस्तार से उल्लेख किया। समाधान के तौर पर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के मंत्र को मजबूती से लागू करने की बात की।
*’केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का घर घर करें प्रचार*
शिविर के चौथे सत्र के मुख्य वक्ता राज्य सरकार के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल कार्यान्वयन और उनके व्यापक प्रचार-प्रसार पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में कैसे ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ के माध्यम से देशभर के करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, आवास योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के आंकड़ों और उनके सामाजिक प्रभाव की विस्तृत जानकारी दी। रावत ने बताया कि ढाई साल के कार्यकाल में राजस्थान सरकार के जल संसाधन विभाग ने भीलवाड़ा जिले के लिए 198 करोड़ के विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है।
*सक्षम कार्यकर्ता – सशक्त संगठन, नए नेतृत्व को गढ़ने और दायित्व बोध का दिया मंत्र*
शिविर के पंचम सत्र की मुख्य वक्ता भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर ने कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास और दायित्वों के प्रति जागरूकता पर फोकस करते हुए कार्यकर्ता निर्माण की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक जीवंत संगठन है जहाँ कार्यकर्ता को समय-समय पर परिष्कृत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नए कार्यकर्ताओं की क्षमताओं को पहचानें और उन्हें उपयुक्त जिम्मेदारी सौंपें। ‘दायित्व बोध’ के अंतर्गत बताया कि पद केवल सेवा का माध्यम है, न कि अधिकार प्रदर्शन का। कार्यकर्ताओं को अपनी वाणी, व्यवहार और कार्यक्षमता में निरंतर सुधार करने के लिए प्रेरित किया गया।
*भाजपा का नवाचार – बूथ अध्यक्षों से करवाई सत्रों की अध्यक्षता*
भाजपा जिला संगठन ने जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के मार्गदर्शन में नवाचार करते हुए प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिन उद्घाटन सत्र के अतिरिक्त आयोजित 5 सत्रों में अध्यक्षता बूथ अध्यक्षों से करवाई। प्रदेश में यह पहला अवसर होगा जब केंद्र और प्रदेश के नेताओं के साथ मंच पर बूथ अध्यक्ष को जगह दी है। शिविर के द्वितीय सत्र में कोटड़ी मंडल में बूथ 251 के अध्यक्ष लक्ष्मीलाल जीनगर, तृतीय सत्र में मांडल मंडल के बूथ 171 के अध्यक्ष पूरण गाडरी, चतुर्थ सत्र में सुभाष मंडल के बूथ 242 के अध्यक्ष श्याम ओझा, पंचम सत्र में नंदराय मंडल के बूथ 40 के अध्यक्ष सोहन सिंह राणावत एवं छठे सत्र में शाहपुरा नगर मंडल के बूथ 152 के अध्यक्ष मुकेश माली ने अध्यक्षता की।
*जिला भाजपा की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का किया शुभारंभ*
भाजपा के जिला प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत में आयोजन स्थल पर जिला संगठन एवं सभी 39 मंडलों की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का सांसद दामोदर अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा एवं अन्य अतिथियों ने मोली बंधन खोलकर शुभारम्भ कर उसका अवलोकन किया। प्रारंभ में सभी जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों ने सरल एप के माध्यम से अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया। शिविर के प्रथम दिन पूर्व विधायक डॉ बालुलाल जाट, रामलाल गुर्जर सहित जिलेभर से आए 200 से अधिक जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर संचालन समिति, क्लस्टर इंचार्ज और प्रबंधन टोली के 50 से ज्यादा कार्यकर्ता जुटे रहे।
