*संस्कारवान बालकों से ही होगा उज्ज्वल समाज व श्रेष्ठ राष्ट्र का निर्माण: रिंकू सोमानी*

BHILWARA
Spread the love



भाविप के बाल संस्कार शिविर का दूसरा दिन, बच्चों ने सीखा अनुशासन, गुड टच-बैड टच व बीजारोपण का पाठ

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। संस्कारवान बालकों से ही उज्ज्वल समाज और श्रेष्ठ राष्ट्र का निर्माण संभव है। बचपन में बोए गए अच्छे आदतों के बीज ही आगे चलकर प्रखर व्यक्तित्व बनते हैं। यह विचार भारत विकास परिषद की प्रांतीय प्रभारी रिंकू सोमानी ने व्यक्त किए। वे यहाँ महिला पतंजलि योग समिति एवं भारत विकास परिषद (भाविप) मीरा शाखा, भीलवाड़ा के तत्वाधान में आयोजित हो रहे 10 दिवसीय बाल संस्कार शिविर के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में बोल रही थीं। शिविर के दूसरे दिन अच्छे संस्कार एवं अनुशासन विषय पर केंद्रित विभिन्न प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए एक अनूठी पहल की गई। भारत विकास परिषद की प्रांतीय प्रभारी रिंकू सोमानी व स्पर्श फाउंडेशन की फाउंडर शैफाली गोयल मुख्य अतिथि के रूप मे मौजूद रही। मीरा शाखा संस्कार संयोजिका कविता नुवाल के निर्देशन तथा पर्यावरण प्रभारी मधु डाड व साधना मेलाना के सहयोग से बच्चों से बीजारोपण करवाया गया और उन्हें प्रकृति से जुड़ने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही नीना अग्रवाल, कृतिका सोनी एवं स्नेह लता राणावत ने बच्चों को विभिन्न ज्ञानवर्धक खेल खिलाकर खेल-खेल में जीवन के उच्च संस्कार और अनुशासन की सीख दी। शिविर के मुख्य सत्र में डॉ. संजीवनी सोमानी ने बच्चों को बेहद संवेदनशील व महत्वपूर्ण विषय गुड टच एंड बैड टच के बारे में बेहद सरल, सहज और सुरक्षित तरीके से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के व्यावहारिक टिप्स दिए। इससे पूर्व सुबह के सत्र में योग शिक्षक पीयूष शर्मा ने बच्चों को शारीरिक व मानसिक विकास के लिए सूर्य नमस्कार का गहन अभ्यास कराया और इसके लाभ बताए। कार्यक्रम का कुशल व सफल संचालन अनीता जैन द्वारा किया गया। शिविर के समापन पर महिला पतंजलि योग समिति की जिला प्रभारी नीरा मेहता, भारत विकास परिषद मीरा शाखा की अध्यक्ष स्नेहलता तोषनीवाल एवं सचिव नील कमल अजमेरा द्वारा शिविर में भाग ले रहे सभी बच्चों को फल एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई।