बड़लियास (रोशन वैष्णव)
बरूदनी कस्बे में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। आए दिन हो रही चोरियों से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने सत्यनारायण ओझा के मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पीड़ित परिवार ने थाना अधिकारी जय सुल्तान को लिखित रिपोर्ट देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। सूचना मिलते ही बरूदनी चौकी इंचार्ज मीठालाल मीणा एवं रणजीत सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोर देर रात घर में घुसे और अलमारी के ताले तोड़कर करीब 3 किलो चांदी के जेवर, सोने के आभूषण, नकदी एवं वीवो कंपनी का मोबाइल चोरी कर फरार हो गए। सुबह चोरी का पता चलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि बरूदनी कस्बे में लगातार हो रही चोरियों से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। आए दिन हो रही वारदातों के बावजूद चोर बेखौफ घूम रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और चोरी की घटनाओं पर जल्द अंकुश लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों में भारी रोष
लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में अपराध और बढ़ सकते हैं।
