सृंगार चावरी और रोपा में 17 अवैध जल कनेक्शन काटे, विभाग हुआ सख्त

BHILWARA
Spread the love


शक्करगढ़

गर्मी के बढ़ते प्रकोप और पेयजल संकट के बीच पीएचईडी विभाग ने अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए जहाजपुर तहसील के ग्राम सृंगार चावरी एवं रोपा में बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभाग ने 17 अवैध घरेलू जल कनेक्शनों को चिन्हित कर तत्काल प्रभाव से विच्छेदित कर दिया।
यह कार्रवाई पीएचईडी के अधिशासी अभियंता गौरव गुप्ता, सहायक अभियंता जितेंद्र मीणा एवं साइट इंचार्ज राम सिंह जिंजा के निर्देशन में की गई। वहीं अभियान के दौरान पुलिस अधिकारी दीनदयाल सिंह चौधरी एवं उनकी टीम भी मौजूद रही, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार संबंधित ग्रामीणों के पास पहले से ही विभाग द्वारा स्वीकृत वैध जल कनेक्शन उपलब्ध थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने मुख्य लाइन, क्लस्टर वितरण लाइन एवं ओएचएसआर राइजिंग लाइन से अवैध कनेक्शन जोड़ रखे थे। इससे जल वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पर असर पड़ रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि भीषण गर्मी में हर घर तक समान एवं पर्याप्त पानी पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। ऐसे में अवैध जल उपयोग को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने साफ चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में भी अवैध कनेक्शनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे केवल वैध कनेक्शन का ही उपयोग करें और जल संरक्षण में सहयोग दें, ताकि सभी लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।