भीलवाड़ा में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ का आगमन, भक्तमाल कथा में देंगे दिव्य प्रवचन

BHILWARA
Spread the love


भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
ज्योतिर्मठ अवांतर भानपुरा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ महाराज का भीलवाड़ा जिले में प्रस्तावित प्रवास कार्यक्रम तय हो गया है। उनके आगमन को लेकर धार्मिक श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है, वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। गृह विभाग एवं पुलिस महानिदेशक स्तर से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ महाराज 25 मई को अलीगढ़ जनपद के असरौई क्षेत्र से सड़क मार्ग द्वारा भीलवाड़ा के लिए रवाना होंगे और देर रात्रि तक उनके शहर पहुंचने की संभावना है। प्रवास अवधि के दौरान वे आटूण रोड स्थित ओमप्रकाश सेन के ‘कमला पाम विला’ में ठहरेंगे। उनका भीलवाड़ा प्रवास 31 मई 2026 तक निर्धारित किया गया है।
इस दौरान 26 मई से 30 मई तक हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में आयोजित भक्तमाल कथा कार्यक्रम में वे प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक श्रद्धालुओं को प्रवचन देंगे। कथा आयोजन महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के सानिध्य में संपन्न होगा। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
जगद्गुरु शंकराचार्य अपने प्रवास के दौरान भीलवाड़ा शहर में आयोजित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। उनके आगमन को सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना के लिए विशेष महत्व का माना जा रहा है। श्रद्धालुओं का मानना है कि उनके प्रवचन और सानिध्य से जिले में धर्म एवं संस्कृति के प्रति नई जागृति का वातावरण बनेगा।