BHILWARA

मेगा टेक्सटाईल पार्क और एयर कनेक्टिविटी से बदलेगा भीलवाड़ा का भविष्य


केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने उद्योग जगत को दिए विकास और सुविधाओं के बड़े संकेत

भीलवाड़ा, मूलचन्द पेसवानी
राजस्थान की वस्त्र नगरी के रूप में पहचान बना चुके भीलवाड़ा को अब एयर और रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में नई सौगात मिलने की उम्मीद जगी है। भारत सरकार के केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को भीलवाड़ा टेक्सटाईल ट्रेड फैडरेशन द्वारा रिको ग्रोथ सेंटर स्थित फैडरेशन भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह में कहा कि भीलवाड़ा देश की अग्रणी टेक्सटाईल नगरी है और यहां के उद्योगपतियों की मेहनत, दूरदर्शिता तथा उद्यमशीलता ने इसे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।


केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भीलवाड़ा के समग्र विकास में सबसे बड़ी बाधा एयर एवं रेल कनेक्टिविटी की कमी रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्र सरकार स्तर पर इन दोनों क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उद्योग, व्यापार और निर्यात को गति देने के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विकास समय की मांग है।


समारोह में केंद्रीय मंत्री का स्वागत सांसद दामोदर अग्रवाल एवं फैडरेशन पदाधिकारियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंत्री मेघवाल ने बताया कि सांसद दामोदर अग्रवाल उन्हें हमीरगढ़ हवाई पट्टी लेकर गए, जहां उन्होंने वर्तमान व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और क्षेत्र की आवश्यकताओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा को बेहतर एयर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा रेल नेटवर्क को भी मजबूत करने के प्रयास किए जाएंगे।



केंद्रीय मंत्री ने टेक्सटाईल उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यदि उद्योग जगत को वित्त मंत्रालय, निर्यात, प्रोसेसिंग अथवा अन्य मंत्रालयों से जुड़े किसी भी मुद्दे को केंद्र सरकार तक पहुंचाने की आवश्यकता होगी, तो वे पूरी संवेदनशीलता के साथ उसे आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने पूर्व में टेक्सटाईल क्षेत्र के लिए लगाए गए टीयूएफएस शिविर का उल्लेख करते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर ऐसे शिविर पुनः आयोजित कराए जाएंगे, ताकि उद्योगों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।


केंद्रीय मंत्री ने भीलवाड़ा को मेगा टेक्सटाईल पार्क के लिए सबसे उपयुक्त स्थान बताते हुए कहा कि राजस्थान में यदि मेगा टेक्सटाईल पार्क स्थापित होता है तो भीलवाड़ा का उस पर पहला अधिकार बनता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मेगा टेक्सटाईल पार्क की स्थापना से भीलवाड़ा के औद्योगिक विकास, रोजगार और निवेश को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि भीलवाड़ा देश की वस्त्र नगरी के रूप में विख्यात है और यहां का लगभग 35 हजार करोड़ रुपये का टर्नओवर तथा हजारों करोड़ रुपये का निर्यात इसकी औद्योगिक क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यहां के उद्यमियों की कार्यक्षमता और दूरदर्शिता ने भीलवाड़ा को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
सांसद अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि भीलवाड़ा की एयर एवं रेल कनेक्टिविटी को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि हमीरगढ़ हवाई पट्टी का विकास और नियमित एयर सेवा शुरू होने से जिले के उद्योग, व्यापार और निर्यात क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। साथ ही उन्होंने टेक्निकल टेक्सटाईल एवं चैलेंजिंग मोड आधारित मेगा टेक्सटाईल पार्क के लिए भीलवाड़ा को सर्वाधिक उपयुक्त बताते हुए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया।
कार्यक्रम में फैडरेशन के संस्थापक सदस्यों एवं उद्योगपतियों ने भी अपने विचार रखते हुए भीलवाड़ा के औद्योगिक विकास, निर्यात संभावनाओं तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर सुझाव प्रस्तुत किए।
इस दौरान विधायक अशोक कोठारी, फैडरेशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में उद्योगपति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेक्रेटरी जनरल अंकित शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेम गर्ग, अध्यक्ष दामोदर अग्रवाल, वर्किंग प्रेसिडेंट तिलोक चंद छाबड़ा, संस्थापक सदस्य दिनेश नोलखा, कोषाध्यक्ष मदन गोपाल कालरा तथा श्याम चांडक सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हमीरगढ़ हवाई पट्टी पर संभावनाओं का किया अवलोकन–
अभिनंदन समारोह से पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हमीरगढ़ हवाई पट्टी का दौरा कर वहां की वर्तमान व्यवस्थाओं एवं एयर कनेक्टिविटी की संभावनाओं का जायजा लिया। सांसद दामोदर अग्रवाल ने उन्हें बताया कि बेहतर एयर सेवा शुरू होने से भीलवाड़ा के उद्योग, व्यापार, निवेश और निर्यात गतिविधियों को बड़ा लाभ मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भीलवाड़ा जैसे औद्योगिक जिले में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है और केंद्र सरकार इस दिशा में सकारात्मक प्रयास करेगी।
दौरे के दौरान जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने हवाई पट्टी की वर्तमान व्यवस्थाओं एवं संभावित विकास कार्यों की जानकारी दी। वहीं ड्यून्स एविएशन अकादमी के अकाउंटेबल मैनेजर मुकेश माथुर, सीएसओ जितेन्द्र चैधरी एवं फ्लाइट इंस्ट्रक्टर कैप्टन पुगा ने प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी साझा की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!