BHILWARA

हथियारों के बल पर बुजुर्ग महिला से लूट, कान के टॉप्स और नकदी लेकर फरार हुए नकाबपोश बदमाश

बिजोलिया। थाना क्षेत्र के राणा जी का गुड्डा गांव में रविवार अल सुबह 4 बजे हथियारों से लैस दो नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर बुजुर्ग महिला से लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश महिला के कानों में पहने करीब आधा तोला सोने के टॉप्स और घर में रखे करीब पांच हजार रुपये की नकदी लूटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। टॉप्स खींचने के दौरान महिला का एक कान कट गया, जिससे वह घायल हो गई।

पीड़ित महिला संतोष देवी पत्नी श्यामलाल शर्मा घर के बरामदे में सो रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात बदमाश हथियार लेकर घर में घुसे और महिला को डराकर उसके कानों से टॉप्स खींच लिए। महिला के विरोध करने और शोर मचाने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट भी की, जिससे उसके कान में गंभीर चोट आई।

पीड़िता के पुत्र प्रमोद शर्मा ने बताया कि वारदात के समय वह और उनके पिता घर में स्थित दो अलग अलग कमरे में सो रहे थे। बदमाशों ने पहले उनके कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि वे बाहर नहीं निकल सकें। इसके बाद उन्होंने बरामदे में सो रही उनकी मां से लूटपाट की। महिला के शोर मचाने और परिवार के जागने पर बदमाश मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर कांस्या चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने घटना के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!