बड़लियास (रोशन वैष्णव)
सिंगोली चारभुजा नाथ मंदिर में सजा आस्था का भव्य दरबार: ठाकुरजी को अर्पित हुआ छप्पन भोग, दर्शन के लिए दिनभर उमड़े श्रद्धालु
बरूदनी क्षेत्र | सिंगोली। मेवाड़ की प्रसिद्ध आस्था स्थली श्री चारभुजा नाथ मंदिर, सिंगोली में रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला। मंदिर में भगवान श्री चारभुजा नाथ का विशेष श्रृंगार कर विधि-विधान से भव्य छप्पन भोग अर्पित किया गया। रंग-बिरंगे व्यंजनों, मिष्ठान, फल, मेवा एवं पारंपरिक पकवानों से सजे ठाकुरजी के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर पूरे दिन भजन-कीर्तन, शंखनाद और जयकारों से गुंजायमान रहा।
यह भव्य छप्पन भोग प्रहलाद व्यास ( व्यास के बड़ला), मुकाम उदयपुर की ओर से श्रद्धापूर्वक अर्पित किया गया। भगवान के प्रति अटूट आस्था और सेवा भाव के साथ आयोजित इस धार्मिक आयोजन में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
मंदिर के पुजारी जगदीश जी पाराशर एवं सत्य प्रकाश पाराशर ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना, राजभोग एवं महाआरती संपन्न कराई। आकर्षक फूलों की सजावट और छप्पन प्रकार के व्यंजनों से सुसज्जित ठाकुरजी का अलौकिक स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
महाआरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में आसपास के गांवों एवं नगरों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान श्री चारभुजा नाथ के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में अनुशासन एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा।
धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने ऐसे आयोजनों को भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपरा बताते हुए इसे समाज में धार्मिक चेतना और एकता का प्रतीक बताया।
