(बिजोलिया। नरेश धाकड़)श्रावण मास के पावन अवसर पर भगवान शिव की आराधना को लेकर प्रशासन ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट, बिजोलिया द्वारा जिला कलक्टर भीलवाड़ा को भेजे गए पत्र के अनुसार श्रावण मास के प्रथम सोमवार, 3 अगस्त 2026 को तिलस्वां महादेव मंदिर में राज्य सरकार की ओर से रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि पंचायत राज विभाग के निर्देशों की पालना में उपखंड क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों में से तिलस्वां महादेव मंदिर को इस विशेष आयोजन के लिए चयनित किया गया है। कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियां प्रशासन एवं मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से की जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पत्र के अनुसार मंदिर ट्रस्ट के सचिव मांगीलाल धाकड़ को आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के भी समुचित इंतजाम किए जाएंगे।
श्रावण के प्रथम सोमवार को होने वाला यह रुद्राभिषेक धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। स्थानीय श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में भक्तों के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने की संभावना है।
