BHILWARA

कांग्रेस के 141वें स्थापना दिवस पर शाहपुरा में विचार, संकल्प और सेवा का संदेश


शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेस पार्टी का 141वां स्थापना दिवस पूरे गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर नगर कांग्रेस कार्यालय बालाजी की छतरी पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकंद तोषनीवाल ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। ध्वजारोहण के साथ ही कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के इतिहास, मूल्यों और विचारधारा को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य संदीप जीनगर ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचार, एक आंदोलन और देश की आत्मा से जुड़ा हुआ दर्शन है। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक कांग्रेस की भूमिका ऐतिहासिक रही है। कांग्रेस एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी के रूप में उभरी, जिसने लंबे समय तक भारतीय राजनीति को दिशा दी और आज भी उसके विचारों की यात्रा अनवरत जारी है।

महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक अविनाश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि आत्ममंथन का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने गौरवशाली अतीत का सिंहावलोकन करते हुए वर्तमान परिस्थितियों में आत्मावलोचन और भविष्य के लिए ठोस चिंतन की आवश्यकता है। गांधीजी के सत्य, अहिंसा और सेवा के सिद्धांत आज भी कांग्रेस की मूल आत्मा हैं, जिन्हें जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है।



नगर कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकंद तोषनीवाल ने कहा कि 28 दिसंबर 2025 को कांग्रेस के 141वें स्थापना दिवस के अवसर पर हम उन करोड़ों पुरुष और महिला कार्यकर्ताओं को नमन करते हैं, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से देश और संगठन की सेवा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति के अधिकारों की बात की है और आने वाले समय में भी जनहित के मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाया जाएगा।

स्थापना दिवस कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य संदीप महावीर जीनगर, पूर्व जिला महासचिव रामेश्वर सोलंकी, नगर महामंत्री आनंद सेठी, अखिल व्यास, रमेश शर्मा, पार्षद मुबारिक हुसैन रंगरेज, डॉ. इशाक खान कायमखानी, पूर्व पार्षद प्रभु सुगंधी, सद्दीक पठान, सुभाष व्यास, रामस्वरूप टेपण, शंकर खटीक, नाथू कोली, मदन सर्वा, धनराज जीनगर, एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष सूरज मेवाड़ा, केशव सपूत, गुड्डू खां कायमखानी, सलीम खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और संगठन की मजबूती के संकल्प के साथ हुआ।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!