कोटड़ी पुलिस की तत्परता से 18 मिनट में मिला बिछड़ा बालक, मां को देखकर लिपट गया

सीसीटीवी और सोशल मीडिया की मदद से सवाई भोज पंप के पास मिला युवराज, मां ने पुलिस का जताया आभार
कोटड़ी। कोटड़ी में बाजार में अपनी मां से बिछड़े बालक को पुलिस ने महज 18 मिनट में तलाश कर मां से मिलवा दिया। बालक के मिलने पर मां की आंखों में खुशी के आंसू आ गए और उसने राहत की सांस लेते हुए कोटड़ी पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, काटी गांव निवासी महिमा गुर्जर आज कोटड़ी स्थित श्याम मंदिर में दर्शन करने आई थी। इस दौरान बाजार में उसका बेटा युवराज गुर्जर उससे बिछड़ गया। काफी परेशान महिमा गुर्जर मदद के लिए श्रवण सोनी की दुकान पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद कोटड़ी पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह राठौड़ ने तत्काल टीम गठित कर दीवान कमलेश आचार्य और विक्रम को बालक की तलाश में भेजा। शाम 5:27 बजे सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया की मदद से तलाश शुरू की। महज 18 मिनट में बालक के सवाई भोज पंप के पास होने की जानकारी मिल गई।
इसके बाद दीवान कमलेश आचार्य बालक की मां को पुलिस वाहन में बैठाकर मौके पर पहुंचे, जहां युवराज मिल गया। मां को देखते ही बालक उससे लिपट गया। बेटे को सुरक्षित पाकर महिमा गुर्जर ने राहत की सांस ली और त्वरित कार्रवाई के लिए कोटड़ी पुलिस का आभार व्यक्त किया।



