BHILWARA

शाहपुरा में रोशनी की उम्मीद बना 21वां निःशुल्क नेत्र शिविर


शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा में मानव सेवा की एक और मिसाल रविवार को उस समय देखने को मिली, जब सद्भावना सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में एवं स्माइल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित 21वें निःशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। शिविर का उद्घाटन शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने झंडारोहण कर किया। इस अवसर पर वातावरण सेवा, संवेदना और उम्मीद से सराबोर नजर आया।


उद्घाटन के पश्चात विधायक डॉ. बैरवा ने शिविर में ऑपरेशन हेतु भर्ती किए गए रोगियों से आत्मीय संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और बेहतर उपचार की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मरीजों के चेहरों पर लौटती उम्मीद और आंखों में चमक देखकर विधायक भावुक भी हुए। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में इस तरह के शिविर वास्तव में “अंधेरे में रोशनी” बनकर उभरते हैं।
डॉ. बैरवा ने अब तक आयोजित किए गए शिविरों की जानकारी लेते हुए कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जा रही है, ताकि जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने शाहपुरा जैसे क्षेत्र में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर को अत्यंत लाभदायी बताते हुए विश्वास जताया कि ग्रामीणों व शहरवासियों का इस पुण्य कार्य में निरंतर सहयोग मिलता रहेगा।


इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी, स्थानीय भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। स्माइल फाउंडेशन के प्रतिनिधि अनिल लोढ़ा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए शिविर की व्यवस्थाओं पर प्रकाश डाला। वहीं सद्भावना सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला चैधरी ने आभार व्यक्त करते हुए बताया कि ट्रस्ट वर्षों से निःस्वार्थ भाव से सेवा कार्यों में जुटा है और यह शिविर उसी सेवा यात्रा की एक कड़ी है। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का सम्मान भी किया गया।
शिविर की सफलता के लिए भ्रमणशील नेत्र चिकित्सालय, जिला अंधता निवारण समिति, भीलवाड़ा, आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज उदयपुर, एस.एम.एस. चिकित्सालय जयपुर एवं रामनिवासधाम ट्रस्ट के सहयोग के प्रति शिविर प्रभारी अनिल लोढ़ा ने विशेष आभार जताया।
निःशुल्क नेत्र शिविर न केवल मरीजों को नई दृष्टि दे रहा है, बल्कि समाज में सेवा, करुणा और सहयोग की भावना को भी मजबूती प्रदान कर रहा है। यही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!