BHILWARA

काछोला भादवी छठ महोत्सव की धूम : देवनारायण भगवान के थानकों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


*विक्रम सिंह @काछोला*

काछोला क्षेत्र में भादवी छठ महोत्सव पूरे हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। देवभावना और आस्था से जुड़े इस पर्व पर काछोला क्षेत्र के देवनारायण भगवान के थानकों (देवरों) पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है।

काछोला के ककरोलिया घांटी देवनारायण मंदिर, दलपुरा देवनारायण मंदिर, राजगढ़, थल सहित कई गांवों के मंदिरों में सुबह से ही दर्शनार्थियों की भीड़ लगी हुई है। श्रद्धालु धोक लगाने व पूजा-अर्चना करने के लिए पैदल यात्राएं कर मंदिरों तक पहुंच रहे हैं।


मान्यता है कि भगवान श्री देवनारायण जी के अवतार लेने से पूर्व उनकी सवारी नीलागर घोड़े का जन्म हुआ था। इसी घटना की स्मृति में हर वर्ष भादवी छठ का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। कथा के अनुसार, जब विष्णु भगवान ने माता साडू को उनके घर अवतार लेने का वरदान दिया था, तब संकेतस्वरूप यह भी कहा था कि अवतरण से पहले आपके घर में मेरी सवारी का जन्म होगा। तभी से यह पर्व आस्था और श्रद्धा के प्रतीक रूप में मनाया जा रहा है।

पर्व को लेकर क्षेत्र में जगह-जगह मेले भी लग रहे हैं, जिनमें ग्रामीणों की भारी चहल-पहल देखने को मिल रही है। दुकानों पर प्रसाद, खिलौने, झूले व खान-पान के स्टॉल सज गए हैं, जिससे वातावरण धार्मिक आस्था के साथ-साथ उल्लासपूर्ण भी हो गया है।

इसी कड़ी में विभिन्न स्थानों पर भजन संध्या, बगड़ावत वार्ता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना रहे हैं।

भक्तों की भीड़ को देखते हुए ग्रामीण स्तर पर स्वयंसेवकों और प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं। पुलिस ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त जाप्ता तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

काछोला थाना प्रभारी श्रद्धा पचौरी तहसीलदार शैतान सिंह मीणा व प्रशासन के अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मेले और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें, बनास नदी में पुलिया पर पानी का बहाव ज्यादा हो तो पुल पार नहीं करे ,बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में तुरंत सूचना दें।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!