BHILWARA

बारां में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का आंदोलन:कलेक्ट्रेट पर कल धरना, विधायक की मौजूदगी में दिया जाएगा ज्ञापन


बारां ।बारां जिले में किसानों की समस्याओं और अतिवृष्टि से खराब हुई फसलों के मुआवजे सहित कई मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी 17 नवंबर, सोमवार को दोपहर 1 बजे जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगी। यह प्रदर्शन अंता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया के नेतृत्व में आयोजित होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने बताया कि इस वर्ष अतिवृष्टि के कारण किसानों की फसलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जो थोड़ी-बहुत उपज हुई है, वह भी लागत निकालने के लायक नहीं है। इसके बावजूद किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है। जैन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछले वर्ष की फसलों का मुआवजा भी अब तक जारी नहीं कर पाई है, जबकि किसानों से प्रीमियम के नाम पर बड़ी राशि काटी जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को डीएपी और यूरिया खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो रहा है। बिजली विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर समय पर उपलब्ध नहीं करवाए जा रहे हैं और खाद के साथ जबरदस्ती अटैचमेंट दिया जा रहा है, जिससे किसान परेशान हैं।

इन्हीं मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी 17 नवंबर को धरना देगी। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की जाएगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामचरण मीणा ने बताया कि धरना-प्रदर्शन में जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया, पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल, करणसिंह राठौड़, निर्मला सहरिया सहित जिलेभर के कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!