कम विजिबिलिटी बनी दुर्घटना की वजह, एक महिला गंभीर घायल
मांडल। रविवार सुबह घने कोहरे और बेहद कम दृश्यता के बीच थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुजरात के बारडोली से आसींद जा रही ट्रेवल्स बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है, जबकि कई यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस किशनपुरा चौराहे के पास पुष्पा ब्रिक्स के समीप पहुंची ही थी कि अचानक ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया। चारों ओर घना कोहरा छाया होने के कारण विजिबिलिटी बेहद कम थी, इसी दौरान बस सड़क से नीचे उतरते हुए पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे।
बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। हादसे में प्रेम देवी संचेती, निवासी आसींद, गंभीर रूप से घायल बताई जा रही हैं, जबकि अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।


पुलिस ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य संभालते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू किया। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त बस को हटाने के प्रयास जारी हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घना कोहरा और कम विजिबिलिटी माना जा रहा है, वहीं पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।














