बिजोलिया। रमेश गुर्जर ।
नगर के मंदाकिनी मार्ग से अस्पताल को जोड़ने वाली सड़क पिछले कई दिनों से अधूरी पड़ी होने के कारण आम राहगीरों और मरीजों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और अधूरा निर्माण होने से एम्बुलेंस सहित अन्य वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, सार्वजनिक निर्माण विभाग को भी जानकारी देने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
इसको लेकर सोमवार को नगरवासियों ने उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौर से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की अपील की।

मुलाकात के दौरान कांग्रेस मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार राव, रणजीत सिंह कानावत, यशवंत सिंह पुंगलिया, दिनेश माली, सुरेश, शंभू सिंह, अरविंद कुमार, विशाल तिवाड़ी, कैलाश धोबी, भगवान सिंह सहित कई नागरिक उपस्थित रहे।


उपखंड अधिकारी ने मौके पर ही सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात कर दो दिनों के भीतर कार्य शुरू करवाने का आश्वासन दिया।














