विधायक कोठारी ने किया 12करोड़ की लागत से बनने वाले नाले का निरीक्षण
भीलवाड़ा 23 मई । भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने केशव पोरवाल हॉस्पिटल से रोडवेज बस स्टैंड तक प्रस्तावित बड़े नाले के निर्माण कार्य स्थल का निरीक्षण किया। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस बड़े नाले के माध्यम से वर्षा ऋतु में क्षेत्र में होने वाली जलभराव की समस्या से आमजन को राहत मिलेगी ।

निरीक्षण के दौरान विधायक कोठारी ने मौके पर मौजूद यूआईटी अधिकारियों एवं तकनीकी टीम से निर्माण योजना, जल निकासी व्यवस्था तथा कार्य की गुणवत्ता को लेकर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाले का निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए, ताकि बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
विधायक कोठारी ने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों एवं निचले क्षेत्रों में हर वर्ष बरसात के समय जलभराव की समस्या उत्पन्न होती रही है, जिससे आमजन, व्यापारियों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से यह बड़ा नाला निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था एवं आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही कार्य में तेजी लाकर इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर यूआईटी के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
