राज्य टीम ने वर्चुअल माध्यम से किया स्वास्थ्य सेवाओं का आकलन
दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@सावर ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपस्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुरा में शनिवार को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक मूल्यांकन कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत राज्य स्तरीय टीम के डॉ. कपिल अग्रवाल एवं डॉ. सुजान शाह ने स्वास्थ्य केंद्र की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं सेवाओं का ऑनलाइन मूल्यांकन किया।
मूल्यांकन के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सीताराम जाट, एएनएम सुनीता मीणा एवं आशा सहयोगिनी ममता मीणा उपस्थित रहे। टीम द्वारा स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, अभिलेख संधारण तथा रोगी हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं का निरीक्षण किया गया।
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक कार्यक्रम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना है। यह कार्यक्रम सेवा प्रावधान, रोगी अधिकार, नैदानिक देखभाल, संक्रमण नियंत्रण सहित आठ प्रमुख क्षेत्रों पर आधारित है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं जनविश्वास के अनुरूप बनाने पर जोर दिया जाता है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
