दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@क्षेत्र के ग्राम पिपलाज में रेगर समाज द्वारा नवनिर्मित भगवान बाबा रामदेव मंदिर की पूर्णाहुति, मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन शनिवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा एवं हवन के साथ हुई, जिसमें ग्रामीणों और समाजबंधुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सुबह 8:15 बजे बाबा रामदेव मंदिर परिसर से आकर्षक सुसज्जित घोड़ी बग्गी में भगवान बाबा रामदेव की नवीन प्रतिमा विराजित कर डीजे एवं बैंड-बाजों के साथ भव्य कलश एवं शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण किए शामिल हुईं, वहीं पुरुष हाथों में धर्म पताकाएं लेकर जयकारे लगाते हुए नाचते-गाते चल रहे थे। धार्मिक धुनों पर महिलाएं भी झूमती नजर आईं।
शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर प्रजापत मोहल्ला, बालाजी मंदिर, सदर बाजार, गढ़ चौक, बस स्टैंड, पारीक मोहल्ला एवं गुर्जरों का बास होते हुए तेजाजी चौक से पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान ग्रामवासियों ने जगह-जगह जेसीबी से पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। अन्य समाजों के लोगों ने भी पुष्प वर्षा कर स्वागत किया तथा कई स्थानों पर शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई।
घोड़ी बग्गी में सुसज्जित भगवान बाबा रामदेव की घोड़े पर सवार सवा तीन फीट ऊंची नवीन प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा अन्य प्रतिमाएं भी सुसज्जित ट्रैक्टरों में विराजित की गईं।
दोपहर 2:15 बजे मंदिर परिसर में आचार्य रामलाल जोजर एवं सह आचार्य गायत्री परिवार संत नानूराम शक्करगढ़ के सानिध्य में 25 कुंडीय सामूहिक हवन का आयोजन हुआ। मंत्रोच्चार के बीच 130 यजमान जोड़ों ने यज्ञ में आहुतियां देकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
आयोजन समिति ने बताया कि 24 मई को दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा रात्रि में भव्य सत्संग समारोह होगा। समारोह में सामाजिक एवं राजनीतिक पदाधिकारियों के साथ विभिन्न स्थानों से संत-महात्मा भी शिरकत करेंगे।
