बिजौलिया – शुभम । नगर में 15 अगस्त को मनाए जाने वाले उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसको लेकर मंगलवार को पंचायत समिति सभागार में उपखंड अधिकारी स्वाति झा की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं निजी विधालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक आयोजित हुई । बैठक में समारोह की रूपरेखा तय करते हुए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में पुलिस विभाग को सुरक्षा और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि नगरपालिका को वाटरप्रूफ टेंट, बैठक व्यवस्था, मंच, पेयजल, लाइटिंग, साफ-सफाई और मिठाई वितरण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपखंड अधिकारी ने बैठक में राष्ट्रीय पर्व को त्योहार की तरह मनाने की अपील की और विद्यार्थियों में अनुशासन बनाए रखने और भाग लेने वाले सभी बच्चों को प्रशस्ति पत्र देने के निर्देश दिए।

बैठक में सम्मान के लिए केवल बेदाग छवि वाले व्यक्तियों का चयन करने, कार्यक्रम समाप्त होने से पहले बच्चों को बाहर नहीं जाने देने तथा अनुपस्थित विभागों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे ।
