बिजौलिया में मक्का की फसल लेने निकले 45 वर्षीय मनोज धाकड़ घर नहीं लौटे, सुबह खेत में मिला शव

बिजौलिया। अमर निवास गांव में एक किसान की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। गुरुवार को खेत के लिए निकले 45 वर्षीय मनोज धाकड़ का शव शुक्रवार सुबह खेत में मिलने से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग उन्हें रातभर तलाशते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला था।
जानकारी के अनुसार, मनोज धाकड़ पुत्र रामस्वरूप धाकड़ खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। गुरुवार सुबह वह खेत में कटी हुई मक्का की फसल लेने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
शुक्रवार सुबह उनके काका सुरेश धाकड़ ट्रैक्टर लेकर खेत पहुंचे तो मनोज वहां पड़े मिले। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल बिजौलिया उपजिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मनोज अपने पीछे दो बच्चों सहित परिवार को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। किसान की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है।



