Bhilwara News

आगूंचा में विस्फोटक से भरी पिकअप में जोरदार ब्लास्ट, चालक की मौतहादसे में पिकअप का इंजन 10 फीट दूर जा गिरा, आसपास के मकानों में आई दरारें और टूटे खिड़कियों के शीशे

भीलवाड़ा, मूलचन्द पेसवानी
भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा क्षेत्र के आगूंचा गांव में सोमवार को एक बाड़े में खड़ी विस्फोटक सामग्री से भरी पिकअप में अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। वाहन का इंजन करीब 10 फीट दूर जा गिरा, जबकि चेचिस और टायर भी दूर-दूर तक बिखर गए। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। धमाके की तेज आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।


धमाके से दहले मकान, दीवारों में आई दरारें
घटना आगूंचा गांव में श्मशान मार्ग स्थित रामदेव खटीक के बाड़े में हुई। यहां विस्फोटक सामग्री से भरी पिकअप खड़ी थी। सोमवार सुबह अचानक हुए धमाके ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया। विस्फोट के प्रभाव से बाड़े की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। आसपास के मकानों के दरवाजों और खिड़कियों के शीशे टूट गए, जबकि कुछ घरों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी भी सामने आई है।
धमाके की आवाज सुनते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अनहोनी की आशंका से अपने घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंचे लोगों ने आग बुझाने के प्रयास किए। घटनास्थल पर पिकअप के क्षतिग्रस्त हिस्से दूर-दूर तक बिखरे नजर आए। हिन्दुस्तान जिंक लि. की आपदा प्रबंधन टीम भी मौके पर पहुंची। मौके पर हुरड़ा तहसीलदार रविंद्र सिंह चोहान, थाना अधिकारी संजय गुर्जर, सहित अन्य मौके पर पहुंचे। आपदा प्रबंधन टीम को फैले कबाड़ में काफी तादाद में नकदी भी मिली है। अभी तक विस्फोट होने के संबंध में कोई कारण सामने नहीं आया है। पुलिस इसका भी पता लगा रही है कि यह पिकअप यहां कैसे पहुंची तथा यहां इसका कार्य क्या था।
बूंदी निवासी चालक की मौत
गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर के अनुसार, हादसे में बूंदी निवासी राम अवतार (35) की मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिकअप का इंजन वाहन से अलग होकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा। विस्फोट के कारण वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
फॉरेंसिक टीम करेगी जांच-
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। विस्फोट के कारणों और पिकअप में रखी सामग्री की प्रकृति का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि वाहन में किस प्रकार का विस्फोटक रखा था और धमाका किन परिस्थितियों में हुआ।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। विस्फोटक सामग्री के स्रोत, उसके परिवहन और हादसे के पीछे की परिस्थितियों को लेकर जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!