Bhilwara News

एक पत्थर… जिसे खींचने आधी रात को जागता है पूरा शाहपुरा! घास भैरू कौन हैं, क्यों निकलती है यह रहस्यमयी सवारी?


बैलों की ताकत से होता था शक्ति परीक्षण, अब युवाओं ने संभाली कमान; आस्था, लोकविश्वास और परंपरा की वह कहानी, जिससे नई पीढ़ी अब भी अनजान है।
मूलचन्द पेसवानी | शाहपुरा।
दीपावली के बाद अन्नकूट की मध्यरात्रि… सड़कों पर ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी की चमक और एक भारी पत्थर को खींचने के लिए जुटे युवाओं का जोश। आखिर क्या है इस पत्थर का रहस्य, जिसे देखने और खींचने के लिए शाहपुरा के लोग पूरी रात जागते हैं? क्यों घास भैरू की सवारी पूरे शहर की परिक्रमा करती है? यह कोई सामान्य आयोजन नहीं, बल्कि शाहपुरा की प्राचीन लोक आस्था और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी अनूठी परंपरा है।


अन्नकूट की रात रावला घाट स्थित घास भैरू के स्थान से पारंपरिक पूजा-अर्चना के बाद सवारी रवाना हुई। यहां एक विशाल पत्थर के खंड को लोकदेवता घास भैरू के रूप में पूजा जाता है। विशेष चौखट में स्थापित कर इसे शहर भ्रमण कराया जाता है। इस बार सवारी का सबसे खास दृश्य यह रहा कि वर्षों से बैलों और ट्रैक्टर के सहारे आगे बढ़ने वाली सवारी को युवाओं ने अपने बाहुबल से खींचने का प्रयास किया और गंतव्य तक पहुंचाया। युवाओं का उत्साह रातभर देखते ही बना।
पुराने समय में किसान अपने बैलों को सजाकर उनकी पूजा करते थे। उन्हें चावल और लापसी खिलाकर सवारी में जोता जाता था। बैलों की जोड़ियां बारी-बारी से घास भैरू को खींचती थीं। जो जोड़ी खींचने में सफल नहीं होती, उसे स्थानीय भाषा में ‘ओत जाना’ कहा जाता था। इस तरह सवारी बैलों की ताकत और सहनशक्ति का भी परीक्षण बन जाती थी।


सवारी से पहले चावल का भोग, सिंदूर, धूप और पारंपरिक रीति से पूजा होती है। मदिरा की धार चढ़ाने की भी पुरानी परंपरा रही है। पंच-पटेलों की देखरेख में आयोजन की रस्में संपन्न होती हैं।
सवारी के दौरान युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की। पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा। उत्साह के बीच कुछ युवाओं ने पुलिसकर्मियों की ओर भी पटाखे फेंके। यह हरकत सुरक्षा की दृष्टि से जोखिमपूर्ण रही।
लोकमान्यता है कि घास भैरू की नगर परिक्रमा से सुख-समृद्धि बनी रहती है तथा पशु-पक्षियों की रक्षा और बीमारियों व आपदाओं से नगर की सुरक्षा होती है।
इस बार सवारी का अंतिम पड़ाव चमना बावड़ी के सामने भरावों की गली में रहा। अब देवउठनी एकादशी तक यहीं पूजा-अर्चना होगी, इसके बाद घास भैरू को वापस रावला घाट स्थित मूल स्थान पर पहुंचाया जाएगा।
बैलों से ट्रैक्टर और अब युवाओं के बाहुबल तक पहुंची यह परंपरा आज भी जीवित है। हालांकि सवाल यह भी है कि सवारी में उत्साह से शामिल होने वाली नई पीढ़ी को क्या इसकी पूरी कहानी मालूम है? परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ उसकी विरासत को जानना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना भी जरूरी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!