Bhilwara News

गोपाष्टमी पर गंगापुर गौशाला में 600 गोवंश को जिमाई 500 किलो लापसी


कामधेनु संस्थान की ओर से गोसेवा का आयोजन, दुर्घटनाग्रस्त एवं बीमार गोवंश को भी अलग-अलग पहुंचाई गई लापसी

गंगापुर … भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा में गोपाष्टमी पर्व का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गौचारण का कार्य प्रारंभ किया था। यह पर्व गौमाता के प्रति श्रद्धा, सम्मान, संरक्षण और सेवा का संदेश देता है। गोपाष्टमी पर गायों की पूजा-अर्चना कर उन्हें तिलक लगाया जाता है तथा हरा चारा, गुड़ और विभिन्न प्रकार के व्यंजन खिलाकर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।


इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गोपाष्टमी के पावन अवसर पर कामधेनु संस्थान गंगापुर की ओर से नगर पालिका द्वारा संचालित श्री कृष्ण गौशाला में गोसेवा का विशेष आयोजन किया गया। सर्वप्रथम गौ माता की पूजा अर्चना की गई
कामधेनु संस्थान के सदस्य हीरालाल तेली ने बताया कि संस्थान की ओर से प्रतिवर्ष गोपाष्टमी पर्व पर गोवंश की सेवा की जाती है। इसी क्रम में इस वर्ष भी सोमवार रात्रि को संस्थान के सदस्यों एवं गौभक्तों ने मिलकर लगभग 500 किलो लापसी तैयार की। मंगलवार को गौशाला पहुंचकर करीब 600 गोवंश को श्रद्धापूर्वक लापसी खिलाई गई।
इस अवसर पर पार्षद रामप्रसाद माली ने बताया कि गौशाला में दुर्घटनाग्रस्त, बीमार, स्थायी रूप से विकलांग हो चुकी गायों एवं नंदियों को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया है, ताकि उनकी उचित देखभाल की जा सके। संस्थान के सदस्यों ने प्रत्येक स्थान पर जाकर सभी गोवंश को अलग-अलग लापसी खिलाई तथा गोसेवा का पुण्य लाभ प्राप्त किया।


उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि हमें जीवमात्र के प्रति करुणा, संवेदना और सेवा का भाव रखने की प्रेरणा भी देता है। गौमाता की सेवा, बीमार एवं असहाय गोवंश की देखभाल तथा उनके संरक्षण में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में अर्जुन सिंह, हीरालाल तेली, मुकेश गुर्जर महावीर सिंह, मनोहर तेली, संजय सेतवाल, लालचंद माली, जसवंत लौहार, रवि माली, रतन लाहौर, जगदीश माली, राहुल लौहार, लक्ष्मीलाल तेली, अमित भदादा, नानूराम तेली, दिनेश कुमार , अनिल माली, रूपेश माली, दीपक तेली सहित कामधेनु संस्थान के अनेक सदस्य एवं अनेक गौभक्त उपस्थित रहे। सभी ने गोसेवा के इस पुनीत कार्य में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!