यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया ‘सड़क सुरक्षा अभियान 2.0’ का शुभारंभ

भीलवाड़ा, 16 नवम्बर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (राल्सा), जयपुर के निर्देशानुसार एवं श्री अभय जैन, अध्यक्ष, ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में सोमवार दिनांक 16 नवम्बर 2026 को ज़िले में “सड़क सुरक्षा अभियान 2.0” (RSLSA For Road Safety Campaign 2.0) का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस विशेष सघन अभियान की शुरुआत सचिव, ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीमती रश्मि आर्य द्वारा नेहरू गार्डन प्राइवेट बस स्टैंड से की गई। यह अभियान सम्पूर्ण ज़िले में 16 नवम्बर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक, दो माह की अवधि के लिए संचालित किया जाएगा।
इस अभियान का मूल उद्देश्य यात्री वाहनों में वैधानिक सुरक्षा मानकों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करना तथा उन्हें सड़क पर चलने योग्य बनाए रखना है। इसके तहत स्लीपर कोच, लग्जरी बस, सिटी बस और मिनी बसों की सघन जांच की जा रही है। परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और ज़िला प्रशासन की संयुक्त प्रवर्तन टीमों द्वारा मुख्य रूप से वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, वैध परमिट, बीमा और प्रदूषण (PUC) प्रमाण पत्र की जांच, आपातकालीन निकास (Emergency Exit) और अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं सुलभता, यात्री सुरक्षा को जोखिम में डालने वाले अनधिकृत बद व या संरचनात्मक दोष की पहचान। सिटी और मिनी बसों में निर्धारित स्पीड गवर्नर (गति-नियंत्रक) उपकरणों की अनिवार्यता और उनकी कार्यप्रणाली की जांच, हेल्पलाइन नंबर एवं शिकायत पेटी की अनिवार्यता जैसे बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
जांच के दौरान सचिव श्रीमती रश्मि आर्य द्वारा बस संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं यदि किसी यात्री को बस संचालन, चालक/परिचालक के व्यवहार, या सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर कोई शिकायत या असुविधा होती है, तो वे सीधे हेल्प लाइन नंबर 8306002107 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही, बसों में शिकायत पेटी लगाना भी अनिवार्य किया गया है, और जहाँ यह उपलब्ध नहीं है, वहाँ इसे तय समय सीमा में लगाने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान सुरक्षा खामियाँ पाए जाने पर नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्यवाही (चालान, ज़ब्ती आदि) अमल में लाई जाएगी। प्राधिकरण सचिव रश्मि आर्य ने सोमवार को प्राइवेट बस स्टैंड पर बसों का निरीक्षण कर बस संचालकों एवं संबंधित व्यक्तियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की कमी अथवा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार चालान बनाने के साथ बस जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। इसी क्रम में लैंडमार्क होटल पर स्लीपर लग्जरी बसों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर जिला परिवहन टीम द्वारा 5 बसों के चालान काटे गए, जिनकी कुल जुर्माना राशि ₹95,000 रही। निरीक्षण दौरान डीटीओ विभाग यातायात थाना , पुलिस थाने की टीम व जिला प्राधिकरण कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।
—000—



