BHILWARA

नशा मुक्त भारत संकल्प लेकर रन फॉर हेल्थ:बोले- देश विरोधी लोग युवाओं को नशे के दलदल में धकेल रहे


भीलवाड़ा। नशा मुक्त भारत का संदेश लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल भीलवाड़ा महानगर द्वारा चल रहे नशा मुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत रन फॉर हेल्थ कार्यक्रम शनिवार को शहर के तीन स्थानों पर आयोजित हुआ। यह आयोजन बजरंग बल की केंद्रीय योजना के अनुसार 9 नवंबर से 16 नवंबर तक चल रहे संस्कार सप्ताह का हिस्सा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रभाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वास्थ्य के प्रति सजग करना है।

महानगर संयोजक मुकेश प्रजापत ने बताया कि अभियान के दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में समझाते हुए नशा मुक्त भारत बनाने का संकल्प दोहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा देश की युवा शक्ति को कमजोर कर रहा है और इससे बचाव के लिए समाज को एकजुट होकर कार्य करने की जरूरत है।

महानगर सह संयोजक हितेश नाथ योगी ने कहा कि देशविरोधी तत्वों द्वारा युवाओं को नशे की ओर धकेलने के प्रयासों को रोकने के लिए सतर्क रहना होगा। उनका कहना था कि नशा मुक्त भारत और मजबूत राष्ट्र निर्माण की दिशा में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

रन फॉर हेल्थ कार्यक्रम तीन स्थानों पर आयोजित हुआ। पहला आयोजन प्रखंड क्रमांक 3 राणा सांगा प्रखंड के मोदी ग्राउंड पर हुआ, जहां मुख्य अतिथि सुभाष नगर थाना अधिकारी शिवराज गुर्जर, विहिप प्रांत सामाजिक समरसता प्रमुख विनीत द्विवेदी, महानगर उपाध्यक्ष भारत गैंगट सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

दूसरा कार्यक्रम प्रखंड 5 महर्षि वाल्मीकि प्रखंड के शारदा चौराहा पर हुआ। यहां मुख्य अतिथि प्रताप नगर थाना उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, बजरंग दल चित्तौड़ प्रांत सह संयोजक अखिलेश व्यास और अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

तीसरा कार्यक्रम प्रखंड 6 आजाद प्रखंड और प्रखंड 7 सरदार पटेल प्रखंड के लिए महाराणा प्रताप सर्कल पर आयोजित किया गया। यहां मुख्य अतिथि सिटी कोतवाली थाना अधिकारी सुनील चौधरी, प्रताप नगर थाना उप निरीक्षक उगमा राम और विभाग मंत्री विजय ओझा उपस्थित रहे।

तीनों स्थानों पर मुख्य अतिथियों ने भगवा ध्वज दिखाकर दौड़ की शुरुआत की। मार्ग के दौरान कार्यकर्ताओं ने नशा मुक्त भारत के संदेश से जुड़े नारे लगाकर वातावरण को जोश से भर दिया।

कार्यक्रम में पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को बजरंग दल द्वारा रन फॉर हेल्थ का प्रतीक चिह्न भेंट किया गया। आयोजन में सतु बजरंगी, निलेश सोनी, अभिषेक पाराशर, पवन सोनी, विशाल वैष्णव, अर्जुन साहू, बलवंत सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!