BHILWARA

गंगापुर में भीषण सड़क हादसा : बाइक सवार दंपती पर टूटा कहर, मां-बेटी की मौत, पिता गंभीर


भीलवाड़ा । जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे लालरी गांव के मुकेश गुर्जर अपनी पत्नी और मासूम बेटी के साथ बाइक से घर की ओर आ रहे थे, लेकिन घर पहुँचने से पहले ही उनकी खुशियां हमेशा के लिए थम गईं।

हाइवे पर अचानक एक तेज रफ्तार ईको कार ने उनकी बाइक को इतनी जोर से टक्कर मारी कि पत्नी सुगना (27) और दो वर्षीय नन्हीं राधिका की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मुकेश गुर्जर (30) गंभीर घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही 108 एंबुलेंस और गंगापुर पुलिस मौके पर पहुंची। मां-बेटी के निर्जीव शरीर देखकर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंपे गए। लालरी गांव में जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, हर घर से चीख-पुकार उठने लगी और गांव पर मातम छा गया।

पुलिस ने ईको कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सड़क पर बिखरे मलबे के साथ-साथ एक परिवार के टूटे सपनों की यह त्रासदी लंबे समय तक लोगों के दिल में दर्द छोड़ जाएगी।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!