BHILWARA

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय किशनगढ़ में स्वच्छता रैली व रंगोली कार्यक्रम आयोजित

शक्करगढ़
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय किशनगढ़ में मंगलवार को राज्य सरकार के “बेमिसाल 2 साल” कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता अभियान को लेकर विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

स्वच्छता कार्यक्रम के तहत विद्यालय से स्वच्छता रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने हाथों में स्वच्छता संदेशों की तख्तियां लेकर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया। रैली के दौरान स्वच्छता अपनाओ, देश बचाओ जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा।

इसके साथ ही विद्यालय परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली बनाओ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े सुंदर संदेशों को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया।



कार्यक्रम में किशोर शर्मा एवं विकास अधिकारी जहाजपुर सीताराम मीना ,प्रशासक प्रतिनिधि नंदलाल मीना  ने विशेष रूप से भाग लिया और विद्यार्थियों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि निरंतर अपनाई जाने वाली आदत है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मचन्द मीना के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में समस्त स्टाफ का सहयोग रहा। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ विद्यालय ही स्वस्थ समाज की नींव रखता है और ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में जिम्मेदारी एवं अनुशासन की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और स्वच्छ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!