BHILWARA

*फसल बीमा और मुआवजा नहीं मिलने पर किसान संघ का सरकार को अल्टीमेटम, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन*



भीलवाड़ा । पिछले वर्ष अतिवृष्टि से खराब हुई खरीफ फसलों का मुआवजा और फसल बीमा राशि अब तक किसानों को नहीं मिलने से नाराज भारतीय किसान संघ ने बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र राहत राशि जारी करने की मांग की। संघ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

भारतीय किसान संघ भीलवाड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने प्रांत विधि प्रमुख भागूलाल गुर्जर के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि पिछले वर्ष खरीफ फसल में हुई अतिवृष्टि से पूरे प्रदेश में भारी नुकसान हुआ था। इस संबंध में झालावाड़ में प्रदेशव्यापी आंदोलन के दौरान सरकार और प्रशासन के प्रतिनिधियों ने लिखित समझौता कर किसानों को फसल बीमा एवं मुआवजा राशि शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।

संघ ने आरोप लगाया कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी किसानों को न तो फसल बीमा की राशि मिली और न ही सरकार की ओर से मुआवजा दिया गया। इससे किसानों में सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ा है और उनका विश्वास कमजोर हुआ है। किसानों का कहना है कि सरकार की घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं।

ज्ञापन में जिले में कृषि विद्युत आपूर्ति के दौरान बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या, जले हुए कृषि ट्रांसफार्मरों को बदलने के नाम पर अवैध वसूली और रसीद नहीं देने की शिकायत भी उठाई गई। इसके अलावा सूअर एवं अन्य जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान पर किसानों को उचित राहत देने की मांग की गई।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भैरूलाल आचार्य, कार्यालय मंत्री भैरूलाल गुर्जर, जिला मंत्री लादूलाल जाट तथा तहसील अध्यक्ष कन्हैयालाल प्रजापत सहित भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!