जन्मदिन पर सेवा की मिसाल: शरद सिंह चौहान के जन्मदिवस पर रक्तदान एवं निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित

234 यूनिट रक्तदान कर युवाओं ने दिया मानव सेवा का संदेश, 323 रोगियों की हुई निःशुल्क नेत्र जाँच, 56 मरीजों के होंगे निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन

भीलवाड़ा, 9 अक्टूबर 2026। समाजसेवी श्री शरद सिंह चौहान के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी रक्तदान एवं निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
हरिसेवा धाम में सेवा, समर्पण और मानवता को समर्पित इस आयोजन में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए 234 यूनिट रक्तदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी महाराज, विधायक श्री अशोक कोठारी, नगर निगम महापौर श्रीमती जसवंत कंवर, उप महापौर राधेश्याम सोमानी, समाजसेवी श्री भगवान सिंह जी चौहान एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्री लक्ष्मी नारायण डाड ने दीप प्रज्वलित कर किया।
हरिसेवा धाम में आयोजित रक्तदान शिविर में शरद सिंह चौहान की मित्र मंडली सहित युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 234 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर श्री शरद सिंह चौहान ने बताया कि पिछले सात वर्षों से अपने जन्मदिवस पर रक्तदान, गोसेवा एवं बुजुर्गों की सेवा जैसे सामाजिक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन को सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी के रूप में मनाने का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को मानव सेवा के लिए प्रेरित करना है।
बुजुर्गों एवं जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोमाबाई नेत्रालय, नीमच, जिला अंधता निवारण सोसायटी, भीलवाड़ा एवं सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन, भीलवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन गोमाबाई नेत्रालय भीलवाड़ा में आयोजित हुआ। शिविर में शहर के साथ-साथ दूरदराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में जरूरतमंद रोगी नेत्र परीक्षण के लिए पहुँचे।
शिविर के दौरान कुल 323 रोगियों की निःशुल्क नेत्र जाँच की गई। रोगियों को आवश्यकतानुसार चश्मे एवं दवाइयाँ निःशुल्क वितरित की गईं। जाँच के पश्चात 56 रोगियों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। इन सभी रोगियों के निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण ऑपरेशन गोमाबाई नेत्रालय, नीमच द्वारा भीलवाड़ा में किए जाएंगे।
सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन की ओर से गोमाबाई नेत्रालय की टीम का आभार व्यक्त किया गया। फाउंडेशन के सचिव श्री गोपाल विजयवर्गीय ने निरंतर सेवा कार्यों में योगदान देने के लिए टीम शरद सिंह चौहान मित्र मंडली का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एवं निःशुल्क नेत्र चिकित्सा जैसे सेवा कार्य जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
रक्त संग्रहण का कार्य कोटड़ी श्याम ब्लड बैंक एवं अरिहंत ब्लड बैंक की टीमों द्वारा किया गया। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन की ओर से रक्तदाता सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन ने जन्मदिवस को सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए रक्तदान एवं नेत्र चिकित्सा के माध्यम से मानवता की सेवा का प्रेरक संदेश दिया।



