बड़लियास (रोशन वैष्णव)
बरूदनी क्षेत्र में चम्बल पेयजल परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछाई गई इसके बाद खेतों में छोड़ी गई मिट्टी को लेकर किसानों ने नाराजगी जताई है। किसानों का कहना है कि विभाग ने पाइपलाइन तो डाल दी, लेकिन खेतों को समतल करने का कार्य अब तक पूरा नहीं किया गया है। मानसून सिर पर होने और मक्का बुवाई का समय आने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बरसात का पानी खेतों में भर गया था। कई खेत पानी से तालाब बन गए थे, जिससे फसलों को भारी नुकसान हुआ। बाद में विधायक गोपाल खंडेलवाल के हस्तक्षेप से खेतों में भरे पानी की निकासी करवाई गई थी।
किसानों का कहना है कि इस बार चम्बल पाइपलाइन कार्य के दौरान निकाली गई मिट्टी के बड़े-बड़े ढेर खेतों में पड़े हुए हैं। यदि बरसात से पहले इन्हें समतल नहीं किया गया तो पानी का बहाव बाधित होगा और फिर से जलभराव की स्थिति बन सकती है। किसानों ने कई बार संबंधित विभाग को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि मानसून शुरू होने से पहले खेतों का समतलीकरण कर जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को दोबारा नुकसान न उठाना पड़े।
