बिजौलिया खुर्द में सरपंच चुनाव की पुनर्गणना की मांग, एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

पांच प्रत्याशियों ने मतगणना प्रक्रिया पर जताया असंतोष, निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह
बिजौलिया। ग्राम पंचायत बिजौलिया खुर्द में सरपंच चुनाव की मतगणना को लेकर पांच प्रत्याशियों ने पुनर्गणना की मांग उठाई है। इस संबंध में ग्रामीणों एवं प्रत्याशियों ने मंगलवार को उपखंड अधिकारी सीएल शर्मा को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने और नियमानुसार मतपत्रों की दोबारा गिनती करवाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया कि 24 अक्टूबर को ग्राम पंचायत बिजौलिया खुर्द में सरपंच पद के लिए चुनाव हुए थे। अनुसूचित जाति ओपन श्रेणी की सीट पर छह प्रत्याशी मैदान में थे। प्रत्याशियों के अनुसार, मतगणना के बाद कस्तूर चंद रेगर को विजयी घोषित किया गया। इसके बाद उन्होंने पुनर्गणना का अनुरोध किया, लेकिन उनकी मांग पर दोबारा मतगणना नहीं हो सकी।
ज्ञापन देने वालों ने मतगणना प्रक्रिया को लेकर असंतोष जताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने मतगणना के दौरान उचित व्यवहार नहीं होने की शिकायत भी की।
ज्ञापन देते समय फोरू लाल बलाई, लक्ष्मण बलाई, प्रकाश एरवाल, तुलसीराम कोली, किशन खटीक, लोकेश भील, कजोड़ मेघवंशी, अजय भील, लवकुश भील, उदयलाल भील, नानालाल भील, खानालाल भील, रामफूल भील, विष्णु भील, पप्पू बलाई और सोनू सहित कई लोग मौजूद रहे .



