बेरां में सुवालाल गुर्जर बने सरपंच, विनोद गोस्वामी निर्विरोध उपसरपंच

निर्वाचित
फोकस भीलवाड़ा न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी
चुनाव में जीत के बाद मनोकामना पूर्ण होने पर सरपंच-उपसरपंच समर्थकों संग जोगणियां माता की पैदल यात्रा पर रवाना, बनेड़ा व कंकोलिया में हुआ स्वागत-सम्मान
बनेड़ा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेरां में पंचायतीराज चुनाव के परिणामों ने राजनीतिक चर्चाओं को गर्मा दिया है। सरपंच पद के कड़े मुकाबले में सुवालाल गुर्जर ने जीत दर्ज की, वहीं विनोद गोस्वामी निर्विरोध उपसरपंच निर्वाचित हुए। चुनाव में जीत के बाद गुर्जर परिवार ने लगातार तीसरी बार सरपंच पद पर अपना नेतृत्व कायम किया है। इससे पूर्व सुवालाल गुर्जर की पत्नी काली देवी गुर्जर भी ग्राम पंचायत की सरपंच रह चुकी हैं। परिवार का पंचायत की राजनीति में पुराना और मजबूत प्रभाव रहा है।
सरपंच पद पर सुवालाल गुर्जर की जीत की घोषणा के बाद उनके आवास एवं मतगणना स्थल के बाहर समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ खुशी मनाई। समर्थकों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर जीत का जश्न मनाया।
विनोद गोस्वामी निर्विरोध उपसरपंच निर्वाचित
रविवार सुबह उपसरपंच पद के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। विनोद गोस्वामी ने समर्थक वार्ड पंचों के साथ नामांकन दाखिल किया। निर्धारित समय तक अन्य प्रत्याशी का नामांकन नहीं आने तथा वार्ड पंचों की आपसी सहमति के चलते विनोद गोस्वामी निर्विरोध उपसरपंच निर्वाचित हुए। उनके निर्विरोध निर्वाचन पर समर्थकों ने कंधों पर उठाकर एवं डीजे की धुन पर जश्न मनाया। पंचायत में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद ग्रामीणों को विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
*मनोकामना पूर्ण होने पर जोगणियां माता की पैदल यात्रा पर रवाना
चुनाव में जीत के बाद मनोकामना पूर्ण होने पर सरपंच सुवालाल गुर्जर एवं उपसरपंच विनोद गोस्वामी शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ बेरां से जोगणियां माता की पैदल यात्रा के लिए रवाना हुए। यात्रा को लेकर समर्थकों में उत्साह नजर आया।
बेरां से जोगणियां माता की पैदल यात्रा पर निकले सरपंच व उपसरपंच का बनेड़ा में भाजपा नेता लक्ष्मीलाल सोनी एवं राजमल माली के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस दौरान उनका अभिनंदन कर शुभकामनाएं दी गईं।
वहीं, कंकोलिया बस स्टैंड पर गौसेवक रामपाल कुमावत एवं दुर्गेश बैरवा के सानिध्य में सरपंच सुवालाल गुर्जर व उपसरपंच विनोद गोस्वामी का माला पहनाकर एवं साफा बंधवाकर स्वागत-सम्मान किया गया।
चुनावी जीत, निर्विरोध उपसरपंच के निर्वाचन और धार्मिक आस्था के साथ निकली पैदल यात्रा को लेकर क्षेत्र में चर्चा रही। अब ग्रामीणों को नई पंचायत से विकास कार्यों, जनसमस्याओं के समाधान और बेहतर सुविधाओं की उम्मीद है।



