भीलवाड़ा 14 जून। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विधायक अशोक कुमार कोठारी ने आज अपने कार्यालय में यातायात पुलिस अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।
बैठक में विधायक कोठारी ने शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात संचालन को प्रभावी बनाने के लिए सड़क लाइनिंग करवाने, स्पीड ब्रेकरों को निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्थित करने तथा आवश्यक स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सड़क सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाए।
उन्होंने शहर के आवश्यक एवं व्यस्त यातायात वाले मार्गों पर 4 इंच ऊंचाई के प्लास्टिक डिवाइडर लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि यातायात का सुव्यवस्थित संचालन हो सके तथा सड़क मार्गों की चौड़ाई प्रभावित हुए बिना वाहनों का आवागमन सुचारू बना रहे।
विधायक ने साबुन मार्ग अंडरब्रिज क्षेत्र में यातायात को सुचारू एवं निर्बाध बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही सेवा सदन रोड एवं साबुन मार्ग पर लागू एकतरफा यातायात व्यवस्था का नियमित रूप से पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में गंगापुर चौराहे से पुर पुलिया तक मार्ग पर बने सभी स्पीड ब्रेकरों का सर्वे कर उन्हें व्यवस्थित करने तथा अनावश्यक रोड कट एवं अवैज्ञानिक ब्रेकरों को हटाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर यातायात थाना प्रभारी बाबूलाल टेपण, रामपाल सालवी एवं जमनालाल उपस्थित रहे। बैठक में एडवोकेट अर्पित कोठारी, बाबू लाल टाक, संजय राठी, गजेन्द्र सिंह तथा दिनेश सुथार उपस्थित रहे ।
