मेनाल के गहरे कुंड में डूबा युवक, घंटों बाद मिला शव

BHILWARA
Spread the love



बिजोलिया। प्राकृतिक सौंदर्य और झरनों के लिए प्रसिद्ध मेनाल में रविवार को दोस्तों के साथ घूमने आए एक युवक की गहरे कुंड में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। कई घंटे तक चले खोज अभियान के बाद सिविल डिफेंस की टीम ने शाम को युवक का शव बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार अजमेर निवासी युवकों का एक समूह धार्मिक एवं पर्यटन यात्रा पर निकला था। शनिवार को सभी ने सांवलियाजी और जोगणिया माताजी के दर्शन किए और रविवार को मेनाल पहुंच गए। यहां झरने के नीचे स्थित गहरे जलकुंड में नहाने के दौरान कानू सिंह रावत अचानक पानी में लापता हो गया।

साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुंड की गहराई और पानी की स्थिति के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा चित्तौड़गढ़ से सिविल डिफेंस और गोताखोरों की टीम बुलाई गई।

तहसीलदार गोपाल जीनगर, थानाधिकारी कमलचंद मीणा सहित पुलिस जाब्ता घटनास्थल पर मौजूद रहा। कैलाश वैष्णव के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम ने घंटों तक कुंड में तलाश अभियान चलाया। आखिरकार शाम करीब 7 बजे युवक का शव बरामद कर बाहर निकाला गया। मृतक का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सुपुर्द किया है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी हुई है।