*भीलवाड़ा फोकस न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*
राजकीय महाविद्यालय बनेड़ा में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (उच्च शिक्षा) राजस्थान की स्थानीय इकाई के तत्वावधान में मंगलवार को गुरु वंदन एवं ‘एक शिक्षक-एक वृक्ष’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संस्कार, चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विभाग सह कार्यवाह श्रवण तथा विशिष्ट अतिथि जिला कार्यवाह शंकर लाल कुमावत रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कन्हैया लाल मीणा ने की।
मुख्य वक्ता श्रवण ने महर्षि वशिष्ठ, महर्षि सान्दीपनि एवं समर्थ गुरु रामदास के प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब शिष्य अपने गुरु के ज्ञान और मार्गदर्शन को हृदय से स्वीकार करता है, तब उसका जीवन सफलता और उत्थान की दिशा में अग्रसर होता है।
विशिष्ट अतिथि शंकर लाल कुमावत ने युवाओं से अपनी सनातन संस्कृति से जुड़ने, चरित्र निर्माण को प्राथमिकता देने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कन्हैया लाल मीणा ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में गुरु की भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्हें अनुशासित, परिश्रमी एवं संस्कारवान बनने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर खंड संचालक लक्ष्मी लाल चौबे ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन स्थानीय इकाई सचिव सुबोध कुमार शर्मा ने किया तथा अंत में डॉ. सिद्धार्थ कुमार देसाई ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के उपरांत ‘एक शिक्षक-एक वृक्ष’ अभियान के तहत अतिथियों एवं संकाय सदस्यों ने महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
