शक्करगढ़
शक्करगढ़ थाना क्षेत्र के किशनगढ़ गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। घर से लापता हुए 8 वर्षीय मासूम का शव दूसरे दिन तालाब में मिलने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, किशनगढ़ निवासी रामपाल मीणा का पुत्र आकाश (8 वर्ष 6 माह) बुधवार शाम करीब 5 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पूरे गांव में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार सुबह गांव के तालाब के किनारे बच्चे के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। साथ ही पानी में उतरने के पैरों के निशान दिखाई देने पर ग्रामीणों और परिजनों ने तालाब में खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान तालाब के दूसरे किनारे पानी में आकाश का शव तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही शक्करगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। हेड कांस्टेबल बिहारी लाल एवं कांस्टेबल जगदीश मीणा ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मासूम की मौत तालाब में नहाने के दौरान डूबने से होना सामने आया है।
पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
