BHILWARA

बिजोलिया में फिल्मी अंदाज में ठगी, बिना नंबर की काली थार में आए बदमाश पेट्रोल भरवाकर हुए फरार



बिजोलिया नरेश धाकड़ ।  कस्बे के नायरा पेट्रोल पंप पर रविवार देर रात फिल्मी अंदाज में ठगी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। बिना नंबर की काली थार में सवार होकर आए बदमाश पेट्रोल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात एक नई काले रंग की बिना नंबर प्लेट लगी थार पेट्रोल पंप पर पहुंची। वाहन चालक ने सामान्य तरीके से गाड़ी की टंकी फुल करवाने को कहा। पेट्रोल भरने के बाद भुगतान के समय चालक ने कर्मचारियों को बातों में उलझाया और मौका मिलते ही वाहन स्टार्ट कर तेजी से भाग निकला।

पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज गति से निकल गया। बताया जा रहा है कि आरोपी भागते समय आगे आरोली टोल नाके का बैरियर भी तोड़ते हुए फरार हो गए।

घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक व कर्मचारियों में रोष देखा गया। पंप मैनेजर मनोज किराड़ ने बिजोलिया थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

इस वारदात के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!