*लीलाधर के 1115वें जन्मोत्सव पर उमड़ा आस्था का सैलाब

BHILWARA
Spread the love

*

*शोभागपुरा चौराहे से सवाई भोज मंदिर आसींद तक निकली चतुर्थ विशाल पैदल यात्रा*

*फोकस भीलवाड़ा न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*

बनेड़ा उपखंड क्षेत्र के सरदार नगर में भगवान श्री देवनारायण के घोड़े लीलाधर के 1115वें जन्मोत्सव के अवसर पर बुधवार को दादा भोज देव सेना के तत्वावधान में चतुर्थ विशाल पैदल यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

पैदल यात्रा शोभागपुरा चौराहे से विधिवत रवाना हुई, जो पटेलाई, सरदार नगर एवं खाकल श्याम होते हुए सवाई भोज मंदिर, आसींद के लिए रवाना हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा एवं दादा भोज देव सेना के कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा के दौरान डीजे की भक्तिमय धुनों पर महिलाएं एवं युवा नाचते-गाते हुए भगवान श्री देवनारायण एवं लीलाधर के जयकारे लगाते नजर आए। इससे पूरे मार्ग में धार्मिक एवं उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।

पैदल यात्रियों के स्वागत एवं सेवा के लिए मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों की ओर से चाय, नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं ने सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

आयोजकों के अनुसार पैदल यात्रा सवाई भोज मंदिर (आसींद) पहुंचकर दोपहर करीब 1 बजे सम्पन्न होगी। यात्रा में पटेलाई, सरदार नगर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों एवं दादा भोज देव सेना के कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।